
चंडीगढ़, 18 अप्रैल (ब्यूरो) : पंजाब में कई ग्रेनेड हमलों के मास्टरमाइंड हरप्रीत उर्फ ‘हैप्पी पाशिया’ को अमेरिका में गिरफ्तार कर लिया गया है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने हैप्पी पाशिया पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
मिली जानकारी के अनुसार, अमेरिका की इमिग्रेशन एंड कस्टम इन्फोर्समेंट (ICE) ने आरोपी को गिरफ्तार किया। बताया जाता है कि हैप्पी पाशिया का नाम पंजाब में 14 से ज़्यादा आपराधिक वारदातों से जुड़ा हुआ है। उसके ISI और अलगाववादी संगठनों से भी संबंध होने की बात कही जा रही है।
दरअसल, पिछले कुछ महीनों में पंजाब में हुई 14 से ज़्यादा आतंकी घटनाओं में उसका नाम प्रमुखता से सामने आया था। वह एक अलगाववादी संगठन का सक्रिय कमांडर है। पाशिया ने चंडीगढ़ और जालंधर जैसे संवेदनशील इलाकों में हुए ग्रेनेड और विस्फोटक हमलों की जिम्मेदारी भी ली थी। चंडीगढ़ सेक्टर-10 में ग्रेनेड हमला और भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर बम धमाका जैसे मामलों में उसका नाम मुख्य आरोपी के तौर पर दर्ज है।
हैप्पी पाशिया पर स्थानीय स्कूली छात्रों को ट्रैक्टर गोदाम की लूट में इस्तेमाल करने का भी आरोप है। कुछ समय पहले पंजाब पुलिस ने उसके गिरोह के तीन सदस्यों – लवप्रीत सिंह, करनदीप सिंह और बूटा सिंह को गिरफ्तार किया था। उनके पास से एक एके-47 राइफल, एक ग्लॉक पिस्तौल और दो अन्य हथियार बरामद हुए थे। अमेरिकी एजेंसियों ने हैप्पी पाशिया को इमिग्रेशन नियमों के उल्लंघन के आरोप में हिरासत में लिया है। भारत अब उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू कर सकता है। हैप्पी पाशिया की गिरफ्तारी को भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। NIA ने पहले ही उसे भगोड़ा घोषित कर रखा था।