
चंडीगढ़, 22 नवंबर (ब्यूरो) : पंजाब में आम आदमी पार्टी को शुक्रवार को नया प्रधान मिल गया है। पूर्व मंत्री अमन अरोड़ा को प्रधान बनाया गया है। जबकि शैरी कलसी को वर्किंग प्रेसिडेंट बनाया है। CM भगवंत मान ने सोशल मीडिया (X) पर पोस्ट डालकर इसकी जानकारी दी।
यह घोषणा मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा पिछले दिनों पंजाब में हो रहे उपचुनावों के प्रचार के दौरान प्रधान पद छोड़ने की इच्छा जताने के बाद की गई। इसके बाद से यह अटकलें तेज हो गई थीं कि पार्टी किसी नए नेता को इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंप सकती है।
आम आदमी पार्टी में लंबे समय से एक हिंदू चेहरे को पार्टी की जिम्मेदारी सौंपने की चर्चा चल रही थी, जिसे अब अमन अरोड़ा के रूप में नया नेतृत्व मिला है। अमन अरोड़ा न केवल हिंदू हैं, बल्कि वे मालवा क्षेत्र से आते हैं, जो पार्टी के लिए एक अहम रणनीतिक निर्णय साबित हो सकता है। उनका राजनीतिक अनुभव भी मजबूत है, क्योंकि उन्होंने लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने में सफलता प्राप्त की है। शहरी और प्रभावशाली वक्ता के रूप में उनकी पहचान पार्टी को एक प्रभावी चेहरा देने के लिए सही मानी जा रही है।
अमन अरोड़ा, जो पंजाब के युवा नेता के रूप में उभरे हैं, फरवरी 2017 में रिकॉर्ड 30,307 वोटों से पहली बार सुनाम विधानसभा क्षेत्र से विधायक चुने गए थे। वर्तमान में वे आप की पंजाब राज्य इकाई के सह-अध्यक्ष हैं। अमन अरोड़ा, जो पहले दो बार सुनाम से चुनाव लड़ चुके थे, 2016 में आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे, जब वे अरविंद केजरीवाल की राजनीति से प्रभावित हुए।